IND vs ENG 5th Test Day 1: इंग्लैंड को 218 पर समेटने के बाद भारत 135/1, रोहित-यशस्वी की फिफ्टी

Manoj Kumar

March 7, 2024

India vs England 5th Test Day 1: भारत और इंग्लैंड के बीच धर्मशाला में चल रहे पांचवें टेस्ट का पहला दिन समाप्त हो गया है। पहले बैटिंग का फैसला करना इंग्लैंड के पक्ष में नहीं गया और पूरी टीम 218 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। जवाब में भारत ने एक विकेट के नुकसान पर 135 रन बना लिए हैं। भारत अब भी 83 रन से पीछे है। रोहित शर्मा और शुभमन गिल क्रीज पर डटे हैं।

रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल की फिफ्टी

इंग्लैंड को 218 के स्कोर पर धराशायी करने के बाद कप्तान रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल ने टीम इंडिया को जबरदस्त शुरुआत दी। दोनों ने शतकीय साझेदारी निभाते हुए पहले विकेट के लिए 104 रन जोड़े। जायसवाल चौथी टेस्ट फिफ्टी पूरी करने के बाद शोएब बशीर गेंद पर बेन फॉक्स के हाथों स्टम्प आउट हुए। यशस्वी ने 5 चौके और 3 छक्के जड़ते हुए 58 गेंदों में 57 रन बनाए।

इसके बाद रोहित शर्मा ने भी टेस्ट करियर का 18वां अर्धशतक पूरा किया। रोहित 83 बॉल में 52 रनों की पारी खेल मैदान पर मौजूद हैं। उनके साथ शुभमन गिल 26 रन पर खेल रहे हैं। इंग्लैंड की तरफ से ऑफ स्पिनर शोएब बशीर ने एक विकेट लिया।

218 पर ढेर इंग्लैंड, जैक क्रॉले ने अकेले दिखाया दम

टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए इंग्लैंड की पहली पारी 57.4 ओवर में 218 के स्कोर पर सिमट गई। जैक क्रॉले को छोड़ और कोई इंग्लिश प्लेयर बड़ी इनिंग नहीं खेल पाया। क्रॉले ने 108 गेंदों में 79 रन बनाए। उन्होंने टेस्ट जीवन की 14वीं फिफ्टी लगाई। इसके बाद नंबर 3 के बल्लेबाज ओली पोप ने 11 और सलामी बल्लेबाज बेन डकेट ने 27 रन बनाकर विकेट गंवाया।

सबसे अनुभवी बल्लेबाज जो रूट रवींद्र जडेजा की गेंद पर LBW हुए। उन्होंने 26 रन बनाए। जॉनी बेयरस्टो ने 29 रनों का योगदान दिया। विकेटकीपर बेन फॉक्स ने 24 रनों की पारी खेली। कप्तान बेन स्टोक्स, मार्क वुड और जेम्स एंडरसन खाता भी नहीं खोल पाए।

कुलदीप यादव ने खोला ने पंजा

कुलदीप यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए टेस्ट करियर का चौथा फाइव विकेट हॉल किया। उन्होंने 15 ओवर में 72 देकर 5 विकेट लिए। कुलदीप यादव के अलावा अपना 100वां टेस्ट खेल रहे आर अश्विन ने 51 रन खर्च कर 4 विकेट हासिल किए। एक विकेट बाएं हाथ के ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा की झोली में गया।

Photo of author

Manoj Kumar

मुझे क्रिकेट का जुनून बचपन से रहा है। क्रिकेट के प्रति प्रेम ने मुझे इसके बारे में लिखने के लिए प्रेरित किया। सचिन तेंदुलकर मेरे सबसे पसंदीदा खिलाड़ी हैं। करीब पांच वर्षों से इस खेल के बारे में लिख रहा हूं। आगे भी इसी तरह की रोचक खबरें लाने का प्रयास जारी रहेगा।