IND vs SA 1st T20: साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले ही टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में टीम इंडिया के पास विश्व कीर्तिमान बनाने का मौका होगा। बता दें कि भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का पहला मैच 9 जून को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच को जीतते ही टीम इंडिया लगातार टी20 मैच जीतने के वर्ल्ड रिकॉर्ड को अपने नाम कर लेगी।
अफगानिस्तान ने जीते हैं लगातार सबसे ज्यादा टी20 मैच
टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लगातार सबसे ज्यादा मैच जीतने के मामले में अफगानिस्तान संयुक्त रूप से नंबर वन है। वे भारत के साथ पहला स्थान साझा कर रहे हैं। उन्होंने लगातार 12 टी20 मैच जीतने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। अफगानिस्तान ने फरवरी 2018 से 15 सितंबर तक खेले गए सभी 12 मुकाबले जीते हैं। इस दौरान उन्होंने जिम्बॉब्वे को 3 बार, बांग्लादेश को 4 बार और आयरलैंड को 5 बार हराया।
टीम इंडिया के पास इतिहास रचने का मौका
टीम इंडिया ने भी लगातार 12 टी20 मैच जीते हैं। ऐसे में दिल्ली में साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाला पहला टी20 जीतते ही भारतीय टीम अफगानिस्तान को पछाड़ कर लगातार सबसे ज्यादा टी20 जीतने का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लेगी। मालूम हो कि भारत आखिरी बार वर्ल्ड कप के दौरान न्यूजीलैंड से 31 अक्टूबर 2021 को हारा था। तब से वे कोई टी20 मैच नहीं हारे हैं। भारत का जीत का सिलसिला 3 नवंबर 2021 को अफगानिस्तान को हराने के साथ शुरू हुआ था, जो अभी तक जारी है।
भारतीय टीम ने श्रीलंका के खिलाफ 27 फरवरी को तीसरा टी20 जीतकर लगातार 12वां मैच जीता था। तब उन्होंने सीरीज में श्रीलंका का 3-0 से क्लीन स्वीप किया था। टी20 में लगातार 12 जीत में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड, वेस्टइंडीज, श्रीलंका को 3-3 बार हराया है। इसके अलावा स्कॉटलैंड, अफगानिस्तान और नामीबिया को एक-एक बार हराया।
ये भी पढ़ें-5 जून को दिल्ली में एकजुट होगी टीम इंडिया, देखें IND vs SA 2022 शेड्यूल