IPL में 99 पर आउट होने वाले खिलाड़ी: चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को हराकर आईपीएल (IPL) 2022 की तीसरी जीत दर्ज की। अब CSK के पास 9 मैचों में 3 जीत के साथ 6 अंक हो गए हैं। बता दें कि चेन्नई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 2 विकेट पर 202 रनों का स्कोर बनाया। जवाब में हैदराबाद 20 ओवर में 6 विकेट पर 189 रन ही बना सका और मैच 13 रन से हार गया। CSK के लिए सलामी बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ (Ruturaj Gaikwad) ने 57 गेंदों में 6 चौके और 6 गगनचुंबी छक्के जड़ते हुए 99 रनों की पारी खेली।
ऋतुराज आईपीएल का अपना दूसरा शतक लगा पाते उसके पहले ही वे टी नटराजन (T Natarajan) का शिकार हो गए। वे एक रन से शतक लगाने से चूक गए और IPL में 99 के व्यक्तिगत स्कोर पर आउट होने वाले खिलाड़ियों की सूची में शुमार हो गए।
IPL में 99 के व्यक्तिगत स्कोर पर आउट होने वाले खिलाड़ी
IPL के इतिहास में ऋतुराज गायकवाड़ 99 के व्यक्तिगत स्कोर पर आउट होने वाले पांचवें खिलाड़ी बन गए हैं। सबसे पहले साल 2013 में विराट कोहली दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) के खिलाफ 58 गेंदों में 99 रनों की पारी खेल कर आउट हुए थे। इसके बाद 2019 में लिस्ट में पृथ्वी शॉ का नाम भी जुड़ गया। कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ पृथ्वी शॉ 55 बॉल पर 99 रन बनाकर आउट हो गए थे। IPL 2020 में मुंबई इंडियंस के विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन RCB के विरुद्ध 99 के फेर में फंसे थे। धाकड़ खिलाड़ी क्रिस गेल भी 99 के निजी स्कोर पर अपना विकेट गंवा चुके हैं। 2020 में अबू धाबी में वे राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 99 रनों पर आउट हुए थे। एक नजर लिस्ट पर-
विराट कोहली: vs दिल्ली डेयरडेविल्स, 2013
पृथ्वी शॉ: कोलकाता नाइट राइडर्स, 2019
ईशान किशन: vs रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, 2020
क्रिस गेल: राजस्थान रॉयल्स, 2020
ऋतुराज गायकवाड़: सनराइजर्स हैदराबाद, 2022