गुरुवार को आईपीएल 2021 का चौथा डबल हेडर खेला गया। डबल हेडर का पहला मुकाबला मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच हुआ। ये मैच मुंबई ने 7 विकेट से जीता। जबकि दूसरे मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स की भिड़ंत कोलकाता नाइट राइडर्स से हुई। जहां दिल्ली कैपिटल्स ने 7 विकेट से बाजी मारी। चौथा डबल हेडर समाप्त होने के बाद चेन्नई सुपर किंग्स 10 पॉइंट्स के साथ पॉइंट्स टेबल पर पहले स्थान पर कायम है।
जबकि दिल्ली कैपिटल्स ने बैंगलोर को पीछे छोड़ते हुए दूसरे स्थान पर कब्जा कर लिया है। बैंगलोर अब तीसरे पायदान पर फिसल गया है। दोनों टीमों ने 10-10 अंक हासिल किए। मुंबई इंडियंस 6 अंकों के साथ चौथे नंबर है। इसके बाद KKR पांचवें, पंजाब किंग्स छठवें, राजस्थान रॉयल्स सातवें और SRH आठवें पायदान पर हैं।
ऑरेंज कैप शिखर धवन के नाम
कोलकाता के विरुद्ध 46 रनों की पारी खेलने वाले शिखर धवन ने ऑरेंज कैप पर दोबारा कब्जा कर लिया है। अब धवन के खाते में 311 रन हो गए हैं। फाफ डुप्लेसी 270 रनों के साथ दूसरे नंबर पर फिसल गए। 41 गेंदों में 82 रनों की पारी खेलने वाले पृथ्वी शॉ ने नंबर 3 पर कब्जा कर लिया है। 7 मैचों में उनके नाम 269 रन हैं। केएल राहुल के बल्ले से 240 और संजू सैमसन के बल्ले से 229 रन आए हैं।
223 रन बनाने वाले ग्लेन मैक्सवेल छठवें पायदान पर हैं। 218 रनों के साथ जॉनी बेयरस्टो ने सातवां स्थान हासिल किया। आगे लिस्ट में रोहित शर्मा (215 रन) आठवें, एबी डिविलियर्स (214) नौवें और नीतीश राणा (201) दसवें नंबर पर हैं।
पर्पल कैप हर्षल पटेल के पास कायम
पर्पल कैप की बात करे तो बैंगलोर के हर्षल पटेल 17 विकेट के साथ नंबर 1 बने हुए हैं। दूसरे नंबर पर दिल्ली के आवेश खान हैं जिन्होंने 13 विकेट चटकाए हैं। 11-11 विकेट के साथ राहुल चाहर और क्रिस मॉरिस क्रमशः तीसरे और चौथे पायदान पर हैं। राशिद खान और पेट कमिन्स के नाम 9-9 विकेट दर्ज हुए हैं। दीपक चाहर सातवें और प्रसिद्ध कृष्णा 8वें नंबर पर हैं। दोनों ने 8-8 विकेट लिए हैं। 7 विकेट लेने वाले मोहम्मद शमी नौवें और वरुण चक्रवर्ती दसवें पायदान पर पहुंच गए हैं।