
भारत और वेस्टइंडीज (India vs West Indies) के बीच चौथे टी20 मैच में रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने 3 छक्के लगाकर 2 बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। उन्होंने 16 गेंदों में 2 चौके व 3 छक्के लगाकर 206 के स्ट्राइक रेट से 33 रनों की तूफानी पारी खेली। उनको स्पिन गेंदबाज अकील होसैन (Akeal Hosein) ने बोल्ड कर डगआउट वापस भेजा।
रोहित ने सूर्यकुमार ने साथ मिलकर धमाकेदार अंदाज में बल्लेबाजी की। दोनों ने मिलकर ओबेड मकॉय (Obed McCoy) के तीसरे ओवर में 25 रन कूट दिए। इस ओवर में रोहित ने 2 और सूर्यकुमार ने 1 छक्का लगाया। इसके बाद अकील होसैन की गेंद पर तीसरा छक्का लगाकर रोहित ने 2 बड़ी उपलब्धियां भी अपनी रिकॉर्ड बुक में जोड़ ली।
तीसरा छक्का लगाकर रोहित ने तोड़ा अफरीदी का रिकॉर्ड
रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने जैसे ही तीसरा छक्का मारा, पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी (Shahid Afridi) का रिकॉर्ड भी टूट गया। बता दें कि मुकाबला शुरू होने के पहले तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले खिलाड़ियों में अफरीदी 476 छक्कों के साथ दूसरे पायदान पर थे। लेकिन 410 मैचों में 477 लगाने वाले रोहित हिटमैन अब दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। 483 इंटरनेशनल मैचों में 553 छक्कों के साथ वेस्टइंडीज के क्रिस गेल (Chris Gayle) पहले नंबर पर हैं।
इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के
क्रिस गेल (483 मैच)- 553 (छक्के)
रोहित शर्मा (410)- 477
शाहिद अफरीदी (524)- 476
ब्रेंडन मैकुलम (432)- 398
मार्टिन गुप्टिल (358)- 379
दूसरा छक्का लगाकर हिटमैन ने पूरे किए 400 छक्के
दूसरे छक्के के साथ ही रोहित शर्मा ने बतौर ओपनर इंटरनेशनल क्रिकेट में 400 छक्के पूरे कर लिए हैं। ओपनर के तौर पर 265 मैचों में उनके नाम अब 401 छक्के हो गए हैं। इस मामले में उनसे आगे वेस्टइंडीज के क्रिस गेल हैं, जिन्होंने 441 मैचों में 18867 रनों के दौरान 529 छक्के लगाए हैं। जबकि 349 छक्कों के साथ मार्टिन गुप्टिल तीसरे नंबर पर हैं।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले ओपनर
क्रिस गेल (441 मैच)- 529 (छक्के)
रोहित शर्मा (265)- 401
मार्टिन गुप्टिल (311) – 349
सनथ जयसूर्या (506)- 335
डेविड वॉर्नर (312)- 238