HomeIND vs NZ 2020IND vs NZ: सुपरओवर जीत कर भारत ने रचा इतिहास, रोहित हिटमैन...

IND vs NZ: सुपरओवर जीत कर भारत ने रचा इतिहास, रोहित हिटमैन रहे जीत के नायक

Rohit Sharma
image source: Twitter

रोहित शर्मा की दमदार पारी की बदौलत भारतीय टीम ने हैमिल्टन में इतिहास रच दिया है। सुपरओवर में 18 रनों के टारगेट में रोहित शर्मा ने आखिरी 2 गेंदों पर 2 छक्के लगाकर भारत को पांच टी-20 मैचों की सीरीज का चैंपियन बना दिया। अब सीरीज में भारत ने 3-0 की अपराजेय बढ़त हासिल कर लिया है। इसी के साथ टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को उसी के घर में पहली बार टी-20 सीरीज में हराकर नया इतिहास रच दिया।

इसके पहले मेजबान टीम के कप्तान केन विलियमसन ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। भारत ने रोहित हिटमैन की 65 रनों की दमदार पारी और विराट कोहली की 38 रनों की कप्तानी पारी के बलबूते 20 ओवर में 5 विकेट पर 179 रनों का स्कोर बनाया। सीरीज बचाने के लिए न्यूजीलैंड को हर हाल में भारत के 180 रनों के लक्ष्य को भेदना था। लेकिन न्यूजीलैंड 20 ओवर में ठीक 179 रन बना पाया और मैच टाई हो गया।

- Advertisement -

अंतिम 5 गेंदों में बदली भारत की किस्मत

अंतिम ओवर में न्यूजीलैंड को जीत के लिए महज 9 रनों की दरकार थी। मोहम्मद शमी के सामने 95 रन बना चुके केन विलियमसन और 10 रनों पर खेल रहे रॉस टेलर मौजदू थे। रॉस टेलर ने 20वें ओवर की पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर जीत के समीकरण पूरी तरह से न्यूजीलैंड के पक्ष में कर दिए। अब कीवियों को जीत के लिए 5 गेंदों में 3 रनों की आवश्यकता थी। अगली गेंद पर एक रन निकला। तब मोहम्मद शमी ने मैच पलटते हुए आखिरी 4 गेंदों में एक रन देकर 2 विकेट झटके और मैच टाई हो गया।

सुपरओवर में एक बार फिर भारत का पलटवार

मैच टाई होने के बाद अब सीरीज का फैसला सुपरओवर पर टिका था। न्यूजीलैंड की ओर से केन विलियमसन और मार्टिन गुप्टिल ने सुपरओवर में 17 रन बटोरे। अब बारी भारत की थी। अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला सुपरओवर खेल रहे रोहित और केएल राहुल टिम साऊदी के सामने थे। पहली 4 गेंदों में रोहित-राहुल ने मिलकर 8 रन निकाले। अब अंतिम 2 गेंदों में 10 रनों की जरूरत थी। बस फिर क्या था रोहित ने पहला छक्का डीप स्क्वेयर लेग और दूसरा छक्का लॉन्ग ऑफ पर जड़ दिया। नतीजा सीरीज 3-0 से भारत ने अपने नाम कर ली। रोहित शर्मा को मैन ऑफ द मैच के खिताब से सम्मानित किया गया।

- Advertisement -
Manoj Kumar
Manoj Kumarhttp://ekcupcricket.com
मुझे क्रिकेट का जुनून बचपन से रहा है। क्रिकेट के प्रति प्रेम ने मुझे इसके बारे में लिखने के लिए प्रेरित किया। सचिन तेंदुलकर मेरे सबसे पसंदीदा खिलाड़ी हैं। करीब पांच वर्षों से इस खेल के बारे में लिख रहा हूं। आगे भी इसी तरह की रोचक खबरें लाने का प्रयास जारी रहेगा।
- Advertisment -

ताज़ा खबर