भारत और इंग्लैंड (IND vs ENG) के दरमियान टी20 सीरीज का पांचवां मैच 2 फरवरी को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम (Wankhede Stadium Mumbai) में खेला जाएगा। मालूम हो कि जोस बटलर की कप्तानी वाली इंग्लैंड टीम ने सीरीज गंवा दी है। वे सीरीज में 1-3 पिछड़े हुए हैं। अब उनकी कोशिश आखिरी मैच जीतकर सीरीज हारने के अंतर को कम करने की होगी। उधर भारतीय टी20 क्रिकेट टीम पूरे जोश में हैं। वे सीरीज का अंत जीत के साथ करना चाहेंगे। अगर ऐसा होता है टीम इंडिया पांच मैचों की यह सीरीज 4-1 से अपने नाम कर लेगी।
मुंबई के वानखेड़े में भारत का टी20I रिकॉर्ड
मुंबई का वानखेड़े स्टेडियम करीब दो साल बाद टी20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच की मेजबानी करने जा रहा है। यहां आखिरी टी20I साल 2023 में भारत और श्रीलंका के बीच खेला गया था। साल 2012 से 2023 तक भारत ने वानखेड़े स्टेडियम में कुल मिलाकर पांच टी20 इंटरनेशनल खेले। जिसमें से उन्होंने तीन मैचों में जीत दर्ज की। जबकि दो मैचों में हार का सामना किया।
यानि कि मुंबई में टी20I जीतने के मामले में भारत 3-2 से आगे है। ये दोनों हार भारत को शुरू के दो मैचों में मिली थी। इस मैदान पर सबसे पहला टी20 अंतर्राष्ट्रीय मुकाबला भारत और इंग्लैंड के बीच 2012 में आयोजित हुआ था। जिसमें मेजबान भारत को इंग्लैंड ने 6 विकेट से मात दिया था। इसके चार साल बाद भारत ने मुंबई में दूसरा टी20 वेस्टइंडीज के खिलाफ 2016 में खेला। इस बार भी इंडिया को हार का मुंह देखना पड़ा।
वानखेड़े स्टेडियम में 2017 से नहीं हारा है भारत
भले ही टीम इंडिया को वानखेड़े स्टेडियम में शुरुआती दो टी20I में हार झेलनी पड़ी। लेकिन यहां खेले गए पिछले तीनों मैच भारत ने जीते हैं। साल 2017 में भारत ने श्रीलंका को 5 विकेट से हराकर वानखेड़े स्टेडियम में जीत का खाता खोला था। इसके बाद 2019 में इस मैदान पर उन्होंने वेस्टइंडीज को 67 रन से पटखनी देकर दूसरा मैच जीता।
आखिरी बार यहां पर जनवरी 2023 में टीम इंडिया की टक्कर श्रीलंका से हुई थी। उस रोमांचक मैच को भारत ने 2 रन से अपने नाम किया था। इस प्रकार भारतीय टीम मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में जीत की हैट्रिक लगा चुकी है। वे 2017 से कोई मैच नहीं हारे हैं। अब उनके सामने इंग्लैंड है, जिन्होंने इसी मैदान पर 2012 में इंडिया को हराया था। अब सूर्या एंड कंपनी के पास 12 साल बाद उस हार का हिसाब चुकता करने का शानदार मौका है।
ये भी पढ़ें-
IND vs ENG T20 2025: प्लेयर ऑफ द सीरीज के 3 बड़े दावेदार, आंकड़ों से जानिए कौन मारेगा बाजी?
IND vs ENG: 5वें टी20 में हो सकते हैं 2 फेरबदल, ऐसी हो सकती है भारत की प्लेइंग XI