ये 2 समीकरण पूरे करते ही भारत की WTC फाइनल में जगह तय, जानिए पूरा गणित

Manoj Kumar

December 10, 2024

wtc points table update after sa vs sl 2nd test

एडिलेड में ऑस्ट्रेलिया के हाथों पिंक बॉल टेस्ट में मिली हार के बाद भारत के लिए आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023-25 फाइनल की डगर मुश्किल हो गई है। हालांकि भारत के पास अभी भी खुद के दम पर WTC फाइनल में जगह पक्की करने के चांस हैं, लेकिन अब वे एक हार भी झेल नहीं सकते।

विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की दौड़ में अब चार टीमें बची हैं। इंग्लैंड से लगातार दो टेस्ट हारने के बाद न्यूजीलैंड की चुनौती समाप्त हो गई हैं। अब भारत के अलावा साउथ अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका लॉर्ड्स में होने फाइनल की रेस में शामिल हैं। आइए जानते हैं भारत को पॉइंट्स टेबल में टॉप-2 में जगह बनाने के लिए क्या करना होगा।

भारत (3 टेस्ट) को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के इस चक्र में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन टेस्ट और खेलने हैं। जबकि ऑस्ट्रेलिया (5 टेस्ट) भारत के बाद श्रीलंका से दो टेस्ट खेलेगा। वहीं साउथ अफ्रीका (2 टेस्ट) को पाकिस्तान से घर पर दो टेस्ट खेलने हैं। ये तीनों टीमें खुद के दम पर WTC फाइनल में क्वालिफ़ाई कर सकती हैं। जबकि श्रीलंका (2 टेस्ट) को दोनों टेस्ट जीतने के बाद भी दूसरों के नतीजों पर निर्भर रहना पड़ेगा।

फाइनल में ऐसे पहुंच सकता है भारत

1. अब अगर टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध बाकी के तीनों टेस्ट जीत लेती है, तब उनके 64.04 प्रतिशत अंक हो जाएंगे। वहीं तीनों टेस्ट हारने की स्थिति में ऑस्ट्रेलिया के 50 प्रतिशत अंक रह जाएंगे। इसके बाद अगर ऑस्ट्रेलिया श्रीलंका में बाकी बचे दोनों टेस्ट जीत लेता है, तब उनके 55.26 प्रतिशत हो जाएंगे।

इसके अलावा साउथ अफ्रीका भी अगर पाकिस्तान से दोनों टेस्ट जीत लेता है, तो उनके खाते में 69.44 प्रतिशत पॉइंट्स हो जाएंगे। तब साउथ अफ्रीका (69.44) पहले और भारत 64.04 प्रतिशत अंक के साथ दूसरे नंबर पर रहेंगे। जबकि ऑस्ट्रेलिया 55.26 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर रह जाएगा।

2. इसके अलावा अगर भारत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन टेस्ट में से दो जीत और एक ड्रॉ हासिल करता है, तब भी भारत फाइनल में प्रवेश कर लेगा। दो जीत और एक ड्रॉ की स्थिति में भारत के 60.53 और ऑस्ट्रेलिया के 57.02 प्रतिशत अंक हो जाएंगे। इस प्रकार दूसरे पायदान पर रहते हुए भारतीय टीम विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बना लेगी। पहले पायदान पर साउथ अफ्रीका (69.44) का कब्जा होगा।

Photo of author

Manoj Kumar

मुझे क्रिकेट का जुनून बचपन से रहा है। क्रिकेट के प्रति प्रेम ने मुझे इसके बारे में लिखने के लिए प्रेरित किया। सचिन तेंदुलकर मेरे सबसे पसंदीदा खिलाड़ी हैं। करीब पांच वर्षों से इस खेल के बारे में लिख रहा हूं। आगे भी इसी तरह की रोचक खबरें लाने का प्रयास जारी रहेगा।