HomeWomens Premier LeagueWPL 2025 DC vs MI Final: दिल्ली को पहली ट्रॉफी की तलाश,...

WPL 2025 DC vs MI Final: दिल्ली को पहली ट्रॉफी की तलाश, मुंबई की नजर दूसरे खिताब पर

WPL Final 2025 DC vs MI: दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच विमेन प्रीमियर लीग 2025 फाइनल मैच 15 मार्च को खेला जाएगा।

विमेंस प्रीमियर लीग (WPL 2025) का फाइनल मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच 15 मार्च को मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेला जाना है। आपको बता दें कि WPL के इतिहास में ये लगातार तीसरी बार है, जब दिल्ली विमेन टीम ने फाइनल में जगह बनाई। लेकिन उनका ट्रॉफी जीतने का सपना आज भी केवल सपना ही है। आज दिल्ली कैपिटल्स उस सपने को हकीकत में बदलने के लिए उतरेगी।

वहीं दूसरी तरफ मुंबई इंडियंस महिला की निगाहें विमेंस प्रीमियर लीग के दूसरे खिताब पर होगी। साल 2023 में मुंबई की टीम न केवल फाइनल तक पहुंची थी, बल्कि दिल्ली को मात देकर ट्रॉफी भी जीती थी। अब दो साल बाद दोनों टीमें एक बार फिर उसी मोड़ पर खड़ी हैं। इस बार मुंबई इतिहास दोहराती है या दिल्ली नया इतिहास बनाती है, ये देखना दिलचस्प होने वाला है।

- Advertisement -

कौन किस पर भारी

WPL में दिल्ली कैपिटल्स विमेन और मुंबई इंडियन विमेन कुल मिलाकर सात बार आमने-सामने हुए हैं। सात में से चार मैच दिल्ली ने जीते। बाकी बचे तीन मैचों को मुंबई की टीम ने जीता। मौजूदा सीजन में दोनों टीमों की टक्कर दो बार हुई है और दोनों ही बार दिल्ली कैपिटल्स ने बाजी मारी। आंकड़ों के हिसाब से भले ही दिल्ली कैपिटल्स का पलड़ा भारी नजर आ रहा, लेकिन उनको दोनों फाइनल मैच में हार झेलनी पड़ी है। पिछले साल जहां आरसीबी ने उनको फाइनल में शिकस्त दी थी तो वहीं 2023 में मुंबई इंडियंस के हाथों पराजय मिली थी।

नैट सिवर-ब्रंट पर होंगी नजरें

मुंबई इंडियंस की धाकड़ बैटर नैट सिवर-ब्रंट पर सभी की निगाहें रहने वाली हैं। शानदार बल्लेबाजी के दम पर मुंबई को फाइनल तक सफर तय करने वाली सिवर-ब्रंट बड़े मुकाम की दहलीज पर खड़ी हैं। WPL के इतिहास में एक हजार बनाने वाली पहली बल्लेबाज बनने के लिए नैट सिवर-ब्रंट को महज तीन की जरूरत है। 28 मैचों में उनके नाम 997 रन हैं। वह 8 अर्धशतक इस दौरान जड़ चुकी हैं।

इतना ही नहीं सिवर-ब्रंट को एक सीजन में 500 रन वाली पहली बल्लेबाज बनने के लिए सात रन चाहिए। उन्होंने WPL 2025 में 9 मैचों में करीब 70 की औसत से 493 रन बना लिए हैं। उनके नाम पर 80 रनों की सर्वोच्च पारी समेत पांच फिफ्टी भी शामिल हैं।

DC और MI की संभावित प्लेइंग XI

दिल्ली कैपिटल्स: मेग लैनिं (कप्तान), शेफाली वर्मा, जेस जॉनासन, जेमिमाह रोड्रिग्स, एनाबेल सदरलैंड, मारिजान कैप, साराह ब्राइस (विकेटकीपर), निकी प्रसाद, मिन्नू मणि, शिखा पांडे, तितास साधु

मुंबई इंडियंस: हैली मैथ्यूज, एमेलिया कर, नैट सिवर-ब्रंट, हरमनप्रीत कौर, अमनजोत कौर, यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), सजीवन सजना, जी कमालिनी, संस्कृति गुप्ता, शबनिम इस्माइल, साइका इशाक

- Advertisement -
Manoj Kumar
Manoj Kumarhttps://ekcupcricket.com
मुझे क्रिकेट का जुनून बचपन से रहा है। क्रिकेट के प्रति प्रेम ने मुझे इसके बारे में लिखने के लिए प्रेरित किया। सचिन तेंदुलकर मेरे सबसे पसंदीदा खिलाड़ी हैं। करीब पांच वर्षों से इस खेल के बारे में लिख रहा हूं। आगे भी इसी तरह की रोचक खबरें लाने का प्रयास जारी रहेगा।