डेविड मिलर ने ठोका चैंपियंस ट्रॉफी इतिहास का सबसे तेज शतक, तोड़ा सहवाग का वर्ल्ड रिकॉर्ड

Manoj Kumar

March 6, 2025

fastest hundred in champions trophy history

साउथ अफ्रीका को न्यूजीलैंड के हाथों दूसरे सेमीफाइनल में 50 रनों से हारना झेलनी पड़ी। नतीजतन साउथ अफ्रीका चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल से बाहर हो गया। रचिन रवींद्र (108) और केन विलियमसन (102) के शतकों के बलबूते न्यूजीलैंड ने 50 ओवर में 362/6 रनों का स्कोर बनाया। जवाब में साउथ अफ्रीका ने 50 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 312 रन बनाए और फाइनल में पहुंचने से 50 रनों से चूक गए।

दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज डेविड मिलर ने आखिरी गेंद पर दो रन भागकर शतक पूरा किया। लेकिन साउथ अफ्रीका की हार के साथ ही मिलर का 7वां वनडे शतक बेकार चला गया। मिलर 67 गेंदों में 100 रनों का शतक जड़ने के बाद मैदान से नॉट आउट वापस लौटे। इस शतकीय पारी के दौरान उन्होंने 10 चौके और 4 छक्के लगाए।

डेविड मिलर ने जड़ा चैंपियन ट्रॉफी का सबसे तेज शतक

साउथ अफ्रीका के बाएं हाथ के धाकड़ बल्लेबाज डेविड मिलर ने 67 गेंदों में शतक पूरा किया। इसी के साथ मिलर चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में सबसे तेज शतक जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने भारत के तूफानी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया है। न्यूजीलैंड-साउथ अफ्रीका सेमीफाइनल-2 के पहले तक चैंपियंस ट्रॉफी में सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड सहवाग के नाम पर था।

सहवाग ने 2002 की चैंपियंस ट्रॉफी में केवल 77 गेंदों नें सैकड़ा जमाया था। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ कोलंबो में यह कारनामा किया था। इसके बाद मौजूदा सीजन (2025) में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज जोश इंग्लिस ने इंग्लैंड के खिलाफ लाहौर में 77 गेंदों में शतक जड़ सहवाग के सबसे तेज शतक के रिकॉर्ड की बराबरी की थी। अब 23 साल बाद वीरेंद्र सहवाग को पीछे छोड़ते हुए डेविड मिलर ने इस विश्व रिकॉर्ड को अपने नाम कर लिया है।

चैंपियंस ट्रॉफी में सबसे तेज शतक लगाने वाले चौथे खिलाड़ी शिखर धवन हैं। धवन ने 2013 में कार्डिफ में साउथ अफ्रीका के विरुद्ध 80 बाल पर सेंचुरी मारी थी। इसके बाद श्रीलंका के तिलकरतने दिलशान मौजूद हैं। तिलकरतने ने साल 2009 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ सेंचुरियन में 87 गेंदों में शतक पूरा किया था।

चैंपियंस ट्रॉफी में सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज

डेविड मिलर- 67 गेंद vs न्यूजीलैंड, 2025

वीरेंद्र सहवाग- 77 गेंद vs इंग्लैंड, 2002

जोश इंग्लिस- 77 गेंद vs इंग्लैंड, 2025

शिखर धवन- 80 गेंद vs साउथ अफ्रीका, 2013

तिलकरतने दिलशान- 87 गेंद vs साउथ अफ्रीका, 2009

Photo of author

Manoj Kumar

मुझे क्रिकेट का जुनून बचपन से रहा है। क्रिकेट के प्रति प्रेम ने मुझे इसके बारे में लिखने के लिए प्रेरित किया। सचिन तेंदुलकर मेरे सबसे पसंदीदा खिलाड़ी हैं। करीब पांच वर्षों से इस खेल के बारे में लिख रहा हूं। आगे भी इसी तरह की रोचक खबरें लाने का प्रयास जारी रहेगा।