Search
Close this search box.

IPL 2022: भारत के तीन दिग्गजों के बीच लगेगी छक्कों की रोमांचक रेस, देखें टॉप-10 की रिकॉर्ड लिस्ट

IPL 2022: भारत के तीन दिग्गजों के बीच लगेगी छक्कों की रोमांचक रेस, देखें टॉप-10 की रिकॉर्ड लिस्ट
आईपीएल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले टॉप-10 बल्लेबाज

आईपीएल 2022 का शुभारंभ 26 मार्च से हो रहा है। इस दौरान कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। साथ ही खिलाड़ियों के बीच कई रिकॉर्ड्स को लेकर कड़ी टक्कर भी देखने को मिलेगी, जहां ढेरों रिकॉर्ड दांव पर होंगे। एक ऐसा ही रिकॉर्ड है, जिसमें आईपीएल के 3 दिग्गज रोहित शर्मा, एमएस धोनी और विराट कोहली के बीच रोमांचक प्रतिस्पर्धा देखने को मिल सकती है।

IPL में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय खिलाड़ियों में रोहित पहले, धोनी दूसरे और कोहली तीसरे नंबर पर हैं। रोहित के नाम 227 छक्के तो वहीं धोनी के खाते में 219 सिक्स हैं। जबकि कोहली 210 छक्के जमा चुके हैं। इस सीजन की समाप्ति के बाद आईपीएल में सबसे अधिक छक्कों का रिकॉर्ड किस भारतीय खिलाड़ी के नाम पर रहता है, ये देखना दिलचस्प होगा। चलिए एक नजर डालते हैं, IPL में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले टॉप-10 खिलाड़ियों की सूची पर।

IPL में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले टॉप-10 बल्लेबाज

आईपीएल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड क्रिस गेल के पास कायम है। गेल 142 आईपीएल मैचों में 357 छक्के जड़े चुके हैं। क्रिस गेल के बाद दूसरे नंबर पर एबी डिविलियर्स का नाम आता है, जिन्होंने 184 मैचों में 5162 रन बनाते हुए 251 छक्के लगाए हैं। नंबर 3 पर मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा मौजूद हैं। 213 मैचों की 208 पारियों में रोहित के नाम 227 छक्के दर्ज हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 5611 रन निकले।

आईपीएल में सर्वाधिक छक्के लगाने के मामले में चौथे पायदान पर चेन्नई सुपर किंग्स के कैप्टन एमएस धोनी विराजमन हैं। धोनी ने 220 मैचों में 4746 रनों के दौरान 219 बार गेंद को मैदान के बाहर पहुंचाया। 214 छक्के लगाने वाले मुंबई इंडियंस के किरोन पोलार्ड लिस्ट में पांचवें नंबर पर हैं। 178 मैचों में पोलार्ड 3268 रन बना चुके हैं। छठे नंबर पर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के पूर्व कप्तान विराट कोहली नजर आ रहे हैं। 207 मुकाबलों में 210 छक्के जड़ते हुए कोहली ने 6283 रन बना लिए हैं।

नंबर 7 पर बाएं हाथ के दिग्गज बल्लेबाज सुरेश रैना मौजूद हैं। 205 मैचों में रैना के बल्ले से 203 छक्के और 5528 रन देखने को मिले। 201 छक्कों के साथ ओपनिंग बल्लेबाज डेविड वॉर्नर आठवें पायदान पर रहे। उन्होंने अपने आईपीएल करियर में 150 मैचों में 41.59 की औसत से 5449 रन बनाए। लिस्ट में नौवें नंबर पर शेन वॉटसन मौजूद हैं। आईपीएल को अलविदा कहने से पहले वॉटसन ने 145 मैचों में 3874 रन बनाते हुए 190 छक्के लगाए थे। आईपीएल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले दसवें खिलाड़ी रॉबिन उथप्पा हैं। 193 मैचों में 4722 रन बनाने के अलावा उथप्पा 168 छक्के लगा चुके हैं।

होम

IPL 2024

फॉलो

फॉलो