पिछले कुछ टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों में सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) का बल्लेबाजी का ग्राफ नीचे गिरा है। वह लगातार रन बनाने को जूझ रहे हैं। इसके उलट उनकी कप्तानी में भारत ने नई ऊंचाइयों को छुआ है। बतौर कप्तान सूर्यकुमार जमकर धमाल मचा रहे हैं। उनकी अगुवाई में टीम इंडिया एक के बाद एक टी20I सीरीज जीत रही है।
बतौर कप्तान सूर्यकुमार यादव के आंकड़ों पर नजर डाले तो हम पाएंगे कि उनकी कप्तानी में भारत कोई टी20 अंतर्राष्ट्रीय सीरीज नहीं हारा है। भारत और इंग्लैंड के बीच खेली गई टी20 सीरीज सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में छठवीं सीरीज थी। 6 सीरीज में से भारत ने 5 सीरीज अपने नाम की। जबकि एक ड्रॉ हुई।
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत
सूर्या की कप्तानी में भारतीय टी20 क्रिकेट टीम ने सीरीज जीतने का क्रम साल 2023 में शुरू किया था। तब पांच मैच की टी20 शृंखला खेलने ऑस्ट्रेलियाई टीम भारत आई थी। वह सीरीज भारत ने 4-1 से अपने नाम की। सूर्यकुमार के नेतृत्व में भारत ने पहली टी20 अंतर्राष्ट्रीय सीरीज जीती थी।
इसके बाद 2023 के आखिरी महीने में सूर्या की अगुवाई में टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका का दौरा किया। इस दौरे तीन टी20 मुकाबले खेले जाने थे। लेकिन पहला मैच बिना गेंद किए बारिश में रद्द कर दिया गया। इसके बाद दोनों टीमों ने एक-एक मैच जीते और सीरीज ड्रॉ के साथ खत्म हुई।
साल 2024 में भारत ने श्रीलंका का दौरा किया। दौरे पर तीन टी20आई का आयोजन हुआ। पहले दो मैच आसानी से जीतने के बाद सूर्या की सेना ने 2-0 की बढ़त बना ली। लेकिन तीसरे मैच में रोमांच की सारे हदें पार हो गई और मैच टाई हो गया। हालांकि भारत ने सुपर ओवर जीतकर तीसरा मैच भी अपने नाम कर लिया और सीरीज 3-0 से इंडिया की झोली में आ गई।
भारत के हाथों सीरीज हारने वाली टीमों में अगला नंबर बांग्लादेश का था। अक्टूबर 2024 में बांग्लादेश ने भारत का दौरा किया। इस दौरे पर खेले गए तीनों मैच भारत ने जीते और बांग्लादेश का 3-0 से क्लीन स्वीप किया। इसी साल नवंबर में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम ने साउथ अफ्रीका का दौरा किया, जहां चार टी20I खेले गए। इस सीरीज पर भारत ने 3-1 से कब्जा किया।
साल 2025 की शुरुआत भी सूर्यकुमार की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने जीत के साथ की है। उन्होंने इंग्लैंड को पांच मैचों की टी20 शृंखला में 4-1 से धोया। कप्तान के तौर पर भारत के लिए यह सूर्या की पांचवी टी20 सीरीज जीत है।
ये भी पढ़ें-
मैच की पहली ही गेंद पर संजू सैमसन रचा इतिहास, खास रिकॉर्ड बनाने वाले बने तीसरे भारतीय
IND vs ENG: 13 छक्के जड़ अभिषेक शर्मा ने ठोका T20 शतक, तोड़े कई रिकॉर्ड, रोहित-शुभमन को पछाड़ा