आईपीएल 2025 के लिए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (RCB) ने नए कप्तान की घोषणा कर दी है। जी हां धुरंधर बल्लेबाज रजत पाटीदार (Rajat Patidar) इस सीजन में RCB के कप्तान होंगे। इसके पहले दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी फाफ डुप्लेसिस आरसीबी के कप्तान थे। जिन्होंने 2022 से 2024 तक बेंगलुरू का नेतृत्व किया था। चूंकि बेंगलुरू ने इस बार डुप्लेसिस को रिटेन नहीं किया है, इसलिए कयास लगाए जा रहे थे कि एक बार फिर RCB की कप्तानी विराट कोहली के हाथों में होगी।
पाटीदार ने साल 2021 में आरसीबी की तरफ से खेलते हुए आईपीएल डेब्यू किया था। तब से अब तक वह केवल इसी फ्रैचाइजी के लिए खेल रहे हैं। वह 2021 से 2024 तक तीन सीजन आरसीबी के लिए खेल चुके हैं। 31 वर्षीय रजत पाटीदार ने बेंगलुरू के लिए 27 मैच खेले हैं। जिसमें उन्होंने 34.75 की औसत और 158.85 की स्ट्राइक रेट से 799 रन अपने नाम किए। इस दौरान उन्होंने 1 शतक और 7 अर्धशतक लगाया।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने जिन तीन खिलाड़ियों को इस साल रिटेन किया उसमें रजत पाटीदार का नाम भी शामिल है। बाकी दो खिलाड़ी विराट कोहली और यश दयाल हैं। पाटीदार बेंगलुरू की कप्तानी वाले आठवें खिलाड़ी होंगे। विराट कोहली और फाफ डुप्लेसिस से पहले राहुल द्रविड़, केविन पीटरसन, अनिल कुंबले, डेनियल वेट्टोरी और शेन वॉटसन भी RCB की कमान संभाल चुके हैं।
बता दें कि पाटीदार आईपीएल के प्लेऑफ़ में शतक लगाने वाले पहले अनकैप्ड प्लेयर थे। उन्होंने 2022 में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ एलिमिनेटर मुकाबले में 54 गेंदों में 112 रनों की नाबाद पारी खेली थी। जबकि वह आईपीएल इतिहास में प्लेऑफ़ में शतक लगाने वाले ओवरऑल चौथे खिलाड़ी थे।