HomeWomens Premier LeagueWPL 2025 Final: दिल्ली को 8 रन से हराकर मुंबई इंडियंस बना...

WPL 2025 Final: दिल्ली को 8 रन से हराकर मुंबई इंडियंस बना चैंपियन, दूसरी बार उठाई ट्रॉफी

WPL 2025: फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स को हराकर मुंबई इंडियंस विमेन टीम ने दूसरी ट्रॉफी जीत ली है।

विमेंस प्रीमियर लीग 2025 की ट्रॉफी पर हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस ने कब्जा कर लिया है। मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स को 8 रन से हराया। WPL के इतिहास में मुंबई इंडियंस की ये दूसरी ट्रॉफी है। 2025 में चैंपियन बनने के पहले मुंबई इंडियंस विमेन ने 2023 की ट्रॉफी अपने नाम की थी।

फाइनल मैच की बात करें तो टॉस हारने के बाद पहले बैटिंग करते हुए मुंबई की महिला टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट पर 149 रन बनाए। हरमनप्रीत कौर ने कप्तानी पारी खेलते हुए 44 गेंदों में 66 रन की इनिंग खेली। वहीं नैट सिवर ब्रंट ने 28 गेंदों में 30 रनों का योगदान दिया। मारिजन कैप, जेस जॉनासन और एन चरणी ने दो-दो विकेट निकाले।

- Advertisement -

जवाब में दिल्ली कैपिटल्स अपनी पहली ट्रॉफी से केवल 8 रन से चूक गई। 150 रनों का लक्ष्य हासिल करने उतरी दिल्ली ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 141 रन बनाए। उनके लिए मारिजन कैप ने सबसे ज्यादा 40 रनों की पारी खेली। जेमिमाह रोड्रिग्स ने 30 रन बनाए। निकी प्रसाद 23 गेंदों में 25 रन बनाकर नाबाद रहीं। मुंबई इंडिया की ओर से सिवर-ब्रंट ने तीन खिलाड़ियों को ड्रेसिंग रूम भेजा। कप्तान हरमनप्रीत कौर को प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया।

ऐसा रहा मुंबई इंडियंस का फाइनल जीतने का सफर

ग्रुप स्टेज के दौरान मुंबई इंडियंस ने आठ में से पांच मुकाबले जीते। उन्होंने 10 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल दूसरे पायदान पर खत्म किया। दरअसल आरसीबी के खिलाफ वे आखिरी लीग मैच हार गए थे, वरना पहले नंबर पर रहते हुए फाइनल में डायरेक्ट एंट्री करते। चूंकि मुंबई अंकतालिका में दूसरे नंबर पर थी, इसलिए उनको नंबर 3 टीम गुजरात जायंट्स के साथ एलिमिनेटर मैच खेलना पड़ा। एलिमिनेटर में उन्होंने गुजरात को 47 रन से हराया और दूसरी बार फाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया। फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स को 8 रन से हराकर मुंबई इंडियंस ने WPL 2025 का खिताब जीत लिया।

लगातार तीसरा फाइनल हारा दिल्ली कैपिटल्स

विमेंस प्रीमियर लीग में ये लगातार तीसरा मौका था, पॉइंट्स टेबल में पहले नंबर पर रहते हए दिल्ली कैपिटल्स ने फाइनल में सीधे क्वालिफाई किया। लेकिन हर बार की तरह इस बार भी उनको हार का सामना करना पड़ा। 2023 के फाइनल मैच दिल्ली कैपिटल्स को मुंबई इंडियंस ने हराया था। इसके बाद 2024 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने फाइनल में दिल्ली को हराया। 2025 में एक बार मुंबई ने दिल्ली कैपिटल्स के चैंपियन बनने के सपने को चूर-चूर कर दिया।

- Advertisement -
Manoj Kumar
Manoj Kumarhttps://ekcupcricket.com
मुझे क्रिकेट का जुनून बचपन से रहा है। क्रिकेट के प्रति प्रेम ने मुझे इसके बारे में लिखने के लिए प्रेरित किया। सचिन तेंदुलकर मेरे सबसे पसंदीदा खिलाड़ी हैं। करीब पांच वर्षों से इस खेल के बारे में लिख रहा हूं। आगे भी इसी तरह की रोचक खबरें लाने का प्रयास जारी रहेगा।