IPL 2025: अंतिम गेंद पर 1 विकेट से जीता दिल्ली, आशुतोष शर्मा ने LSG से छीना मैच, विपराज निगम भी चमके

Manoj Kumar

March 24, 2025

delhi capitals ipl 2025

आईपीएल 2025 का पांचवां मैच दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच विशाखापत्तनम में खेला गया। अंतिम गेंद चले इस रोमांचक मुकाबले में आशुतोष शर्मा की आतिशी बैटिंग के बूते दिल्ली ने लखनऊ पर एक विकेट से जीत हासिल की। सबसे पहले तो DC के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतकर LSG को पहले बैटिंग की पेशकश की। इस पेशकश को स्वीकारते हुए लखनऊ ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के बदले 209 रन जड़ दिए।

जवाबी कार्रवाई में दिल्ली कैपिटल्स 65 के स्कोर पर 5 विकेट खोने के बाद मैच से बाहर नजर आ रही थी। टीम को आखिरी 3 ओवर में 39 रन की जरूरत थी। आशुतोष शर्मा ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 3 गेंद और 1 विकेट बाकी रहते लक्ष्य पूरा कर दिया। मैच जिताऊ पारी के लिए उनको प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

आशुतोष शर्मा ने जड़ा विजयी छक्का

आशुतोष शर्मा ने छक्का जड़ मैच खत्म किया। वह 5 चौके और 5 छक्के की मदद से 31 गेंदों में 66 रन बनाकर नाबाद वापस लौटे। उनका साथ विपराज निगम ने दिया। निगम ने 260 की स्ट्राइक रेट से 15 गेंदों में 39 रन बनाए। इसके पहले दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत बेहद खराब रही और उन्होंने 10 गेंदों में 7 रन पर तीन विकेट खो दिए। इसके बाद फाफ डुप्लेसिस ने 29 रनों की पारी खेली। कप्तान अक्षर पटेल ने इस जीत में 22 और ट्रिस्टन स्टब्स ने 34 रन का योगदान दिया।

मिचेल मार्श-निकोलस पूरन की 70 प्लस पारी

पहले बल्लेबाजी का न्योता पाने वाली लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए एडेन मारक्रम और मिचेल मार्श ने पारी का आगाज किया। मारक्रम तो केवल 15 रन बनाकर चल दिए। लेकिन उनके साथी बल्लेबाज यानि मिचेल मार्श ने विशाखापत्तनम के मैदान पर आतिशबाजी करते हुए 36 गेंदों में 72 रन बना डाले। उनके बल्ले से 6 दमदार छक्के और इतने की चौके निकले। दूसरे छोर पर खड़े निकोलस पूरन भी कहां चुप बैठने वाले थे।

पूरन ने भी जमकर तबाही मचाई और चौकों-छक्कों की बरसात करते हुए केवल 24 गेंदों में पचासा ठोक दिया। उन्होंने ट्रिस्टन स्टब्स के एक ओवर से 28 रन निकाले। इस ओवर में उन्होंने 4 छक्के और एक चौका लगाया। मिचेल स्टार्क की गेंद पर क्लीन बोल्ड होने से पहले निकोलस पूरन ने 30 बॉल में 75 रन कूटे। इस पारी में उन्होंने 6 चौके और 7 छक्के गिराए। कप्तान ऋषभ पंत डक बनाकर आउट हुए। जबकि डेविड मिलर ने 27 रन की नाबाद पारी से टीम को 209 का स्कोर पार कराया।

दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने चार ओवर में 42 रन देकर सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। कुलदीप यादव की झोली में दो विकेट आए। विपराज निगम और मुकेश कुमार ने एक-एक विकेट लिया।

Photo of author

Manoj Kumar

मुझे क्रिकेट का जुनून बचपन से रहा है। क्रिकेट के प्रति प्रेम ने मुझे इसके बारे में लिखने के लिए प्रेरित किया। सचिन तेंदुलकर मेरे सबसे पसंदीदा खिलाड़ी हैं। करीब पांच वर्षों से इस खेल के बारे में लिख रहा हूं। आगे भी इसी तरह की रोचक खबरें लाने का प्रयास जारी रहेगा।