IPL 2025: CSK की जीत में रचिन-गायकवाड़ का पचासा, मुंबई की 4 विकेट से हार, नूर अहमद ने झटके 4 विकेट

Manoj Kumar

March 23, 2025

csk beat mi ipl 2025 match 3

आईपीएल (IPL 2025) का तीसरा मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और मुंबई इंडियंस (MI) के बीच एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला गया। चेन्नई की टीम ने यह मुकाबला 4 विकेट से अपने नाम किया। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली मुंबई ने चेन्नई को 156 रनों का लक्ष्य दिया था, जिसे CSK ने पांच गेंद और 4 विकेट बाकी रहते हासिल कर लिया।

चेन्नई की जीत में गायकवाड़ और रचिन की फिफ्टी

मुंबई इंडियंस के 156 रनों के टारगेट को चेन्नई सुपर किंग्स ने 19.1 ओवर में 6 विकेट खोकर पूरा किया। इस रन चेज में ऋतुराज गायकवाड़ और रचिन रवींद्र ने अर्धशतकीय पारियां खेलीं। गायकवाड़ ने 200 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से बैटिंग करते हुए 26 गेंदों में 53 रन बटोरे। वहीं रचिन रवींद्र एक छोर पर डटे रहे और छक्का जड़कर मैच फिनिश किया। रचिन 45 गेंदों में 65 रनों की पारी खेलकर नाबाद रहे।

इन दोनों खिलाड़ियों के अलावा रवींद्र जडेजा ने 17 रन बनाए। वह रनआउट हुए। एमएस धोनी दो गेंदों में बिना कोई रन बनाए नॉट आउट रहे।

आईपीएल का अपना पहला मैच खेल रहे बाएं हाथ के मुंबई इंडियंस के स्पिन गेंदबाज विग्नेश पुतुर ने कमाल का प्रदर्शन किया। उन्होंने चार ओवर में 32 रन देकर तीन विकेट झटके। वहीं दीपक चाहर और विल जैक्स ने एक-एक विकेट हासिल किए।

मुंबई इंडियंस 9 विकेट पर 155 रन

चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ से पहले बैटिंग का बुलावा पाने के बाद मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 9 विकेट गंवाकर 155 रन स्कोरबोर्ड पर लगाए। मुंबई की शुरुआत बेहद खराब रही और सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा मैच की चौथी गेंद पर खाता खोले बिना ही वापस लौट गए। इसके बाद रयान रिक्लेटन 13 और विल जैक्स 29 भी जल्दी जल्दी चलते बने।

सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा ने चौथे विकेट के लिए 51 रनों की साझेदारी कर विकेट गिरने की गति को थोड़ा कम जरूर किया। सूर्यकुमार 29 रन बनाकर आउट हुए। वहीं तिलक वर्मा के बल्ले से 31 रन आए। वह 155 के स्कोर में सबसे बड़ा योगदान देने वाले बल्लेबाज रहे। सूर्या-तिलक की साझेदारी के टूटते ही मुंबई की पारी बिखर गई। नमन धीर की 17 और दीपक चाहर की 28 रनों की नाबाद इनिंग के चलते मुंबई इंडियंस 150 का स्कोर पार करने में सफल रहा।

नूर अहमद-खलील अहमद ने झटके 7 विकेट

मुंबई इंडियंस को 155 के स्कोर में रोकने में नूर अहमद और खलील अहमद का सबसे बड़ा हाथ रहा। दोनों गेंदबाजों ने मिलकर मुंबई के सात विकेट चटकाए। स्पिन गेंदबाज नूर अहमद ने चार ओवर में 18 रन देकर चार विकेट लिए। वहीं खलील अहमद ने चार ओवर में 29 रन के बदले तीन शिकार किए। नेथन एलिस और आर अश्विन को एक-एक विकेट से संतोष करना पड़ा।

Photo of author

Manoj Kumar

मुझे क्रिकेट का जुनून बचपन से रहा है। क्रिकेट के प्रति प्रेम ने मुझे इसके बारे में लिखने के लिए प्रेरित किया। सचिन तेंदुलकर मेरे सबसे पसंदीदा खिलाड़ी हैं। करीब पांच वर्षों से इस खेल के बारे में लिख रहा हूं। आगे भी इसी तरह की रोचक खबरें लाने का प्रयास जारी रहेगा।