IPL 2025: मुंबई ने रोका दिल्ली का विजय रथ, करुण नायर की फिफ्टी बेकार, कर्ण शर्मा प्लेयर ऑफ द मैच

Manoj Kumar

April 13, 2025

mumbai indians ipl 2025

मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स के लगातार चार जीत के सिलसिले को तोड़ दिया है। उन्होंने दिल्ली के टीम को 12 रन से हराया। इस सीजन दिल्ली कैपिटल्स की यह पहली हार है। इसके पहले दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में टॉस हारने के बाद मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 205/5 रनों अच्छा खासा स्कोर खड़ा किया। जवाब में दिल्ली की पूरी टीम 19 ओवर में 193 रन बनाकर ढेर हो गई।

करुण नायर की पारी बेकार

ओपनिंग बैटर जैक फ्रेसर-मैकगर्क को दीपक चाहर ने पारी की पहली ही गेंद पर आउट कर दिया। इसके बाद आईपीएल में तीन साल बाद वापसी कर रहे करुण नायर ने जमकर बल्लेबाजी की। इस सीजन पहले ही मैच में उन्होंने अर्धशतक जड़ दिया। 50 रनों के लिए नायर को केवल 22 गेंदें लगीं। जब करुण नायर आईपीएल में अपने शतक से महज 11 रन दूर थे, तभी मिचेल सेंटनर ने उनको ड्रेसिंग रूम वापस भेज दिया। आउट होने के पहले नायर ने 12 चौके और 5 छक्के की मदद से 40 गेंदों में 89 रन बनाए।

करुण नायर के अलावा अभिषेक पोरेल ने 33 रन बनाए। विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल के बल्ले से 15 रन निकले। कप्तान अक्षर पटेल केवल 9 रन बना पाए। जीत के लिए दिल्ली को 12 गेंदों में 23 रन की जरूरत थी। आशुतोष शर्मा ने जसप्रीत बुमराह की गेंद पर लगातार दो चौके जड़ जीत की उम्मीद बढ़ा दी। लेकिन दो रन लेने की कोशिश में आशुतोष रन आउट हो गए। इसके बाद कुलदीप यादव और मोहित शर्मा भी रन आउट हुए और मैच दिल्ली के हाथ से निकल गया। आशुतोष शर्मा ने 17 रन बनाए। वहीं विपराज निगम ने 14 रन का योगदान दिया।

कर्ण शर्मा ने चार ओवर में 36 रन के बदले तीन सफलताएं अपने नाम की। उनको प्लेयर ऑफ द मैच के खिताब से सम्मानित किया गया। इसके अलावा दो विकेट मिचेल सेंटनर को मिले। दीपक चाहर और जसप्रीत बुमराह ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।

तिलक वर्मा के दम पर मुंबई इंडियंस 200 पार

मुंबई इंडियंस के 205 रनों के स्कोर में तिलक वर्मा ने 33 गेंदों में 59 रनों की पारी खेली। उन्होंने छह चौके और तीन छक्के गिराए। इसके पहले रोहित शर्मा 12 बॉल में 18 रन बनाकर आउट हो गए। वहीं उनके साथी बल्लेबाज और विकेटकीपर रियान रिक्लेटन ने पांच चौके और दो छक्के की मदद से 25 गेंदों में 41 रन मारे। सूर्यकुमार यादव ने भी दमदार बैटिंग करते हुए 28 गेंदों में 40 रन जड़ दिए। उनके बल्ले से पांच चौके और दो छक्के निकले।

हार्दिक पांड्या बल्ले से कुछ खास नहीं कर सके और और दो रन बनाकर आउट हुए। नमन धीर ने 17 गेंद में 38 रन बनाकर मुंबई इंडियंस को 200 का स्कोर पार कराया। उन्होंने तीन चौके और दो छक्के मारे।

दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से विपराज निगम और कुलदीप यादव की स्पिन जोड़ी ने मिलकर चार विकेट झटके। दोनों ने दो-दो विकेट चटकाए। एक विकेट तेज गेंदबाज मुकेश कुमार के खाते में गया।

Photo of author

Manoj Kumar

मुझे क्रिकेट का जुनून बचपन से रहा है। क्रिकेट के प्रति प्रेम ने मुझे इसके बारे में लिखने के लिए प्रेरित किया। सचिन तेंदुलकर मेरे सबसे पसंदीदा खिलाड़ी हैं। करीब पांच वर्षों से इस खेल के बारे में लिख रहा हूं। आगे भी इसी तरह की रोचक खबरें लाने का प्रयास जारी रहेगा।