HomeIPL 2025IPL 2025: कोलकाता पर एकतरफा जीत के साथ मुंबई का खुला खाता,...

IPL 2025: कोलकाता पर एकतरफा जीत के साथ मुंबई का खुला खाता, अश्विनी कुमार प्लेयर ऑफ द मैच

IPL 2025: कोलकाता नाइट राइडर्स को हराकर मुंबई इंडियन ने आईपीएल 2025 में अपनी पहली जीत दर्ज कर ली है।

आईपीएल 2025 में मुंबई इंडियंस ने आखिरकार जीत का स्वाद का चख लिया है। पहले दो मैचों में हार के बाद उनको जीत नसीब हुई है। टूर्नामेंट के 12वें मैच में मुंबई ने कोलकाता नाइट राइडर्स पर 8 विकेट से आसान जीत दर्ज की। अश्विनी कुमार की घातक गेंदबाजी के दम पर पहले तो MI ने कोलकाता को 116 के स्कोर पर ढेर किया। इसके बाद रयान रिक्लेटन ने नाबाद पचासा जड़ते हुए मुंबई को 12.5 ओवर में लक्ष्य तक पहुंचा दिया।

मुंबई इंडियंस की आसान जीत

मुंबई इंडियंस को कोलकाता के 117 रनों को हासिल करने में कुछ खास परेशानी नहीं हुई। हालांकि रोहित शर्मा का बल्ला एक बार फिर खामोश नजर आया। वह 13 रन बनाकर डगआउट वापस लौटे। हिटमैन के जाने के बाद विकेटकीपर बल्लेबाज रयान रिक्लेटन ने विल जैक्स के साथ मोर्चा संभाला। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 32 गेंदों में 45 रन जोड़े। जैक्स के विकेट के साथ इस साझेदारी का अंत हुआ। जैक्स ने 16 रन बनाए।

- Advertisement -

रिक्लेटन 41 गेंदों में 62 रनों की पारी खेलकर नाबाद रहे। इस पारी के दौरान उन्होंने 4 चौके और 5 छक्के लगाए। सूर्यकुमार यादव ने आंद्रे रसल की गेंद पर छक्का जड़ मैच खत्म किया। सूर्या ने 3 चौके और 2 छक्के की मदद से 9 बॉल में 27 रन कूटे। कोलकाता की तरफ से दोनों विकेट आंद्रे रसल की झोली में गिरे।

116 रन पर ढेर कोलकाता

कोलकाता नाइट राइडर्स की पारी पहले ही ओवर से संघर्ष करती हुई नजर आई। ट्रेंट बोल्ट ने वापसी कर रहे सुनील नारायण को खाता खोलने का मौका भी नहीं दिया और चौथी गेंद में डग आउट वापस भेज दिया। इसके बाद दीपक चाहर ने इन्फॉर्म बैटर क्विंटन डिकॉक का विकेट लेकर केकेआर के खेमें में सनसनी मचा दी। पिछले मैच में 97 रनों की नाबाद पारी खेलने वाले डिकॉक के बल्ले से इस बार केवल एक रन निकला।

अजिंक्य रहाणे को आईपीएल में पदार्पण कर रहे बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अश्विनी कुमार ने पहली ही गेंद पर अपना शिकार बनाया। कप्तान ने एक रन बनाया। कोलकाता की तरफ से सबसे ज्यादा 26 रन अंगकृष रघुवंशी के बल्ले से आए। उन्होंने 16 बॉल में तीन चौके और एक छक्का लगाया। वहीं रमनदीप सिंह ने ने 12 गेंदों में 22 रन जड़े। इसके अलावा रिंकू सिंह ने 17 और मनीष पांडे ने 19 रन बनाए।

अश्विनी कुमार को IPL डेब्यू में 4 विकेट

आईपीएल में डेब्यू करने वाले मुंबई इंडियंस के अश्विनी कुमार ने बेहतरीन गेंदबाजी की। 23 वर्षीय बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने पहले ही गेंद पर कोलकाता के कप्तान अजिंक्य रहाणे का विकेट चटकाया। वह आईपीएल डेब्यू की पहली गेंद पर विकेट लेने वाले मुंबई के चौथे गेंदबाज हैं। उन्होंने 3 ओवर 24 रन देकर चार विकेट लिए। उनको प्लेयर ऑफ द मैच के खिताब से सम्मानित किया गया। बाकी 2 दीपक चाहर को विकेट हाथ लगे। ट्रेंट बोल्ट, हार्दिक पांड्या, विगनेश पुतुर और मिचेल सेंटनर ने एक-एक विकेट लिया।

- Advertisement -
Manoj Kumar
Manoj Kumarhttps://ekcupcricket.com
मुझे क्रिकेट का जुनून बचपन से रहा है। क्रिकेट के प्रति प्रेम ने मुझे इसके बारे में लिखने के लिए प्रेरित किया। सचिन तेंदुलकर मेरे सबसे पसंदीदा खिलाड़ी हैं। करीब पांच वर्षों से इस खेल के बारे में लिख रहा हूं। आगे भी इसी तरह की रोचक खबरें लाने का प्रयास जारी रहेगा।