Yuzvendra Chahal Hattrick in IPL: पंजाब किंग्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को उसी के गढ़ चेपॉक में 4 विकेट से शिकस्त दिया। इस जीत के साथ ही जहां पंजाब की टीम ने प्लेऑफ की ओर एक कदम बढ़ाया वहीं चेन्नई प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई। पंजाब की इस शानदार जीत में कप्तान श्रेयस अय्यर ने 72 रनों की पारी खेली। वहीं लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल (Yuzvendra Chahal) ने हैट्रिक निकालते हुए एक ओवर में चार विकेट चटकाए। अपने जादुई स्पेल के दम पर चहल ने कई रिकॉर्ड अपने नाम किए।
19वें ओवर में युजवेंद्र चहल ने ली हैट्रिक
अपने पहले दो ओवर में 23 रन खाने के बाद शायद ही किसी ने सोचा होगा की युजवेंद्र चहल दोबारा गेंदबाजी के लिए आएंगे। हुआ भी कुछ ऐसा ही। कप्तान अय्यर ने चहल को 18वें ओवर तक गेंद नहीं थमाई। लेकिन कोई बेहतर विकल्प न होने के कारण अय्यर ने 19वां ओवर चहल से कराने का फैसला लिया। स्ट्राइक पर धोनी थे।
पहली गेंद वाइड हुई और अगली गेंद पर धोनी ने छक्का जड़ दिया। दूसरी गेंद पर धोनी लॉन्ग-ऑफ पर लपके गए। तीसरी गेंद पर दीपक हूडा ने दो रन निकाले। चौथी गेंद पर हूडा भी चलते बने। पांचवीं गेंद पर चहल ने अंशुल कंबोज को क्लीन बोल्ड कर दिया। छठवीं गेंद पर नूर अहमद को आउट कर चहल ने हैट्रिक पूरी की।
हैट्रिक लेकर युजवेंद्र चहल ने बनाए ये रिकॉर्ड्स
युजवेंद्र चहल आईपीएल में सबसे ज्यादा हैट्रिक लेने वाले संयुक्त रूप से दूसरे गेंदबाज हैं। 2025 से पहले उन्होंने 2022 में कोलकाता के खिलाफ हैट्रिक ली थी। उन्होंने युवराज सिंह की बराबरी की। युवराज (2009) के नाम भी आईपीएल में दो हैट्रिक दर्ज है। आईपीएल के इतिहास में सबसे ज्यादा तीन हैट्रिक लेग स्पिनर अमित मिश्रा ने ली है। मिश्रा ने 2008, 2011 और 2013 में हैट्रिक ली थी।
चहल एक ओवर में सबसे ज्यादा दो बार 4 विकेट लेने का कारनामा कर चुके हैं। चहल ने 2025 (4/9) और उसके पहले 2022 (4/2) में कोलकाता के खिलाफ एक ओवर में 4 विकेट लिए थे। IPL में एक ओवर में चार विकेट-
युजवेंद्र चहल (PBKS)- 4/9 vs CSK 2025
आंद्रे रसल (KKR)- 4/5 vs GT 2022
युजवेंद्र चहल (RR)- 4/2 vs KKR 2022
अमित मिश्रा (SRH)- 4/2 vs PWI 2013
युजवेंद्र चहल आईपीएल में सबसे ज्यादा बार 4 विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने 9वीं बार एक पारी में 4 या उससे ज्यादा विकेट लिए हैं। आईपीएल में सबसे ज्यादा 4 विकेट लेने वाले गेंदबाज-
युजवेंद्र चहल- 9
सुनील नारायण- 8
लसिथ मलिंगा- 7