DC vs RR: जोस बटलर के शतक के दम पर RR बना नंबर 1, दिल्ली को 15 रनों से रौंदा

DC vs RR: जोस बटलर के शतक के दम पर RR बना नंबर 1, दिल्ली को 15 रनों से रौंदा
राजस्थान रॉयल्स 15 रन से जीता

आईपीएल 2022 का 34वां मैच दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया। राजस्थान ने दिल्ली को 15 रनों से हराकर इस संस्करण की 5वीं जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही राजस्थान आईपीएल 2022 के पॉइंट्स टेबल पर 10 अंकों के साथ नंबर 1 बन गई है। बता दें कि राजस्थान ने ऋषभ की टोली को जीत के लिए 223 रनों का विराट टारगेट दिया था। लेकिन दिल्ली की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 207 रन ही बना पाई और लक्ष्य से 15 रन दूर रह गई।

223 रनों के जवाब में 15 रन दूर गई दिल्ली कैपिटल्स

राजस्थान रॉयल्स के 223 रनों के टारगेट को पूरा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स 20 ओवर में 8 विकेट पर 207 रन ही बना सकी। उनके लिए कप्तान ऋषभ पंत ने 24 गेंदों में 4 चौके और 2 छक्के की मदद से सबसे अधिक 44 रन बनाए। इसके अलावा पृथ्वी शॉ ने 37 और डेविड वॉर्नर ने 28 रनों का योगदान दिया। आखिरी के ओवर में ललित यादव और रोवमैन पॉवेल ने कुछ अच्छे हाथ जरूर दिखाए पर उनकी ये पारी काम नहीं आई।

ललित यादव 24 गेंदों में 37 और पॉवेल 15 गेंदों में 5 छक्कों की मदद से 36 रन बनाकर आउट हुए। राजस्थान की ओर से प्रसिद्ध कृष्णा ने 4 ओवर में 22 रन देकर 3 विकेट झटके। वहीं, अश्विन को 2 और 1 विकेट युजवेन्द्र चहल और ओबेड मकॉय को मिला।

राजस्थान रॉयल्स ने बनाए 2 विकेट पर 222 रन

टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में 2 विकेट खोने के बाद 222 रन बनाए। जहां जोस बटलर के बल्ले से 116 रन निकले। इसके अलावा देवदत्त पडिक्कल ने 54 रनों की पारी खेली। जबकि नंबर 3 पर बल्लेबाजी के लिए आए कप्तान संजू सैमसन ने 19 गेंदों में 5 चौके और 3 छक्के की मदद से 46 नाबाद रन बनाए। दिल्ली के लिए एक-एक विकेट खलील अहमद और मुस्तफिजूर रहमान ने लिया।

जोस बटलर ने ठोका सीजन का तीसरा शतक

जोस बटलर इस समय कमाल के फॉर्म में हैं। उन्होंने आईपीएल 2022 का तीसरा शतक जड़ते हुए 65 गेंदों में 116 रनों की पारी खेली। इस शतकीय पारी में उन्होंने 9 चौके और 9 छक्के उड़ाये। सबसे पहले उन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 68 गेंदों में 100 रनों का शतक जड़ा था। इसके बाद कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 61 गेंदों में 103 रनों की पारी खेलकर उन्होंने आईपीएल 2022 का दूसरा शतक जड़ा था।

खलील अहमद ने तोड़ी साझेदारी

जोस बटलर और देवदत्त पडिक्कल जिस तरह से बल्लेबाजी कर रहे थे, उसे देखते हुए ऐसा लगा मानो आज दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाजों को खाली हाथ बिना विकेट के लौटना पड़ेगा। लेकिन DRS की बदौलत खलील अहमद ने पडिक्कल को LBW आउट करते हुए दिल्ली को पहली सफलता दिलाई। तब तक बटलर और पडिक्कल 91 बॉल में 155 रनों की शानदार साझेदारी निभा चुके थे। पडिक्कल 35 गेंदों में 54 रनों की पारी खेल कर आउट हुए।

Photo of author

Manoj kumar

मुझे क्रिकेट का जुनून बचपन से रहा है। क्रिकेट के प्रति प्रेम ने मुझे इसके बारे में लिखने के लिए प्रेरित किया। सचिन तेंदुलकर मेरे सबसे पसंदीदा खिलाड़ी हैं। करीब पांच वर्षों से इस खेल के बारे में लिख रहा हूं। आगे भी इसी तरह की रोचक खबरें लाने का प्रयास जारी रहेगा।

Leave a Comment