Search
Close this search box.

MI vs LSG: मुंबई इंडियंस की लगातार छठी हार, प्लेऑफ़ से बाहर होने का खतरा, लखनऊ 18 रन से जीता

MI vs LSG: मुंबई इंडियंस की लगातार छठी हार, प्लेऑफ़ से बाहर होने का खतरा, लखनऊ 18 रन से जीता
रोहित शर्मा (Photo- IPL)

आईपीएल 2022 के 26वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स ने मुंबई इंडियंस को 18 रनों से हरा दिया है। मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में रोहित शर्मा ने टॉस जरूर जीता, पर उनका पहले गेंदबाजी का निर्णय गलत साबित हुआ। पहले बल्लेबाजी करते हुए LSG ने मुंबई के सामने 200 रनों का टारगेट रखा। लेकिन MI की टीम लक्ष्य से 18 रन दूर रह गई और 20 ओवर में 9 विकेट पर 181 रन ही जोड़ पाई।

लक्ष्य से 18 रन दूर रही गई मुंबई इंडियंस

लखनऊ सुपर जायंट्स के 200 रनों के लक्ष्य को हासिल करने उतरी मुंबई इंडियंस 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 181 रन ही बना पाई और मैच 18 रनों से हार गई। उनके लिए एक बार फिर सूर्यकुमार यादव ने सर्वाधिक रन बनाते हुए 37 रनों का योगदान दिया। जबकि पिछले मैच में 49 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेलने वाले डेवाल्ड ब्रेविस इस बार 31 रन बनाकर आउट हुए। इसके अलावा तिलक वर्मा ने 26 और कायरन पोलार्ड ने 25 रन बनाए।

लखनऊ की तरफ से आवेश खान सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 4 ओवर में 30 रन के बदले 3 विकेट अपने नाम किए। जबकि एक-एक विकेट जेसन होल्डर, रवि बिश्नोई, दुश मंता चमीरा और मार्कस स्टॉइनिस के खाते में आया।

केएल राहुल के दम पर लखनऊ सुपर जायंट्स ने बनाए 199/4

रोहित शर्मा से पहले बल्लेबाजी का न्योता पाने के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स ने 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 199 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। इस स्कोर में अकेले 103 रन LSG के कप्तान केएल राहुल ने बनाए। राहुल ने 60 बॉल में 9 चौकों और 5 छक्कों की मदद से 103 रनों का शतक जड़ा। उनके आईपीएल जीवन का ये तीसरा शतक था। केएल राहुल के अलावा मनीष पांडे ने 38 और विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक ने 24 रन साझा किए। इसके अलावा दीपक हुड्डा के बल्ले से 15 और मार्कस स्टॉइनिस के बल्ले से 10 रन आए।

मुंबई इंडियंस की तरफ से जयदेव उनदकट ने सबसे ज्यादा 2 विकेट झटके। वहीं, एम अश्विन और फेबियन एलन को एक-एक विकेट हाथ लगा।

मुंबई इंडियंस की लगातार छठी हार

आईपीएल 2022 में MI की ये लगातार छठी हार है। रोहित शर्मा की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस का हार का सिलसिला दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ शुरू हुआ था। जहां उनको 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद उनको राजस्थान रॉयल्स, कोलकाता नाइट राइडर्स, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, पंजाब किंग्स और अब लखनऊ सुपर जायंट्स के हाथों हार झेलनी पड़ी। लगातार 6 हार के बाद मुंबई की टीम आईपीएल 2022 के पॉइंट्स टेबल पर दसवें पायदान पर कायम है। ऐसे में उनका प्लेऑफ में पहुंचना बेहद मुश्किल हो गया है।