टीम इंडिया ने श्रीलंका को पहले टी20 मैच में 62 रनों से हरा दिया है। भारत ने श्रीलंका के सामने के जीत के लिए 200 रनों का टारगेट रखा था। लेकिन मेहमान टीम 20.0 ओवर में 137 रन ही बना पाई। टी20 में ये टीम इंडिया की लगातार दसवीं जीत है। इस जीत के साथ भारत ने सीरीज में न केवल 1-0 की बढ़त बनाई बल्कि रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने कप्तानी के मामले में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है।
बतौर कप्तान टी20 में रोहित शर्मा (Rohit Sharma) की लगातार दसवीं जीत
श्रीलंका को 62 रनों से हराकर बतौर कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने इतिहास रच दिया है। बता दें कि रोहित शर्मा भारत के लिए लगातार 10 टी20 मैच जीतने वाले कप्तान बन गए हैं। पिछली टी20 सीरीज में वेस्टइंडीज को 3-0 से हराकर रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया ने लगातार 9 टी20 मुकाबले जीतने का रिकॉर्ड बनाया था।
रोहित की कप्तानी में भारतीय टीम की जीत का सिलसिला नवंबर 2019 में शुरू हुआ था। तब भारत ने बांग्लादेश को लगातार 2 टी20 मैचों में हराया था। इसके बाद 2021 में रोहित की कप्तानी में टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ लगातार 4 मैच जीते। फिर फरवरी 2022 में वेस्टइंडीज और अब श्रीलंका को हराकर रोहित शर्मा ने लगातार 10 जीत का रिकॉर्ड बना दिया।
रोहित शर्मा ने सरफराज अहमद को पीछे छोड़ा
लगातार सबसे ज्यादा टी20 मैच जीतने के मामले में रोहित शर्मा ने पाकिस्तान के सरफराज अहमद (Sarfaraz Ahmed) को पीछे छोड़ दिया है। साल 2018 में सरफराज की कप्तानी में पाकिस्तान ने लगातार 9 टी20 मुकाबले जीते थे। तब पाकिस्तान ने 1 बार जिम्बॉब्वे, 5 बार ऑस्ट्रेलिया और 3 बार न्यूजीलैंड को हराया था।
टी20 में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा मैच जीतने का वर्ल्ड रिकॉर्ड अफगानिस्तान के असगर अफ़गान (Asghar Afghan) के नाम पर है। असगर अफ़गान की कप्तानी में अफगानिस्तान ने साल 2018 से 2020 तक लगातार 12 मैच जीते थे।