IND vs SA 4th T20: शर्मनाक है जोहांसबर्ग में साउथ अफ्रीका का टी20 रिकॉर्ड, देखें सभी आंकड़े

Manoj Kumar

November 15, 2024

ind vs sa 4th t20I 2024 in Johannesburg

बुधवार को सेंचुरियन में तीसरा मुकाबला जीतते ही भारत ने चार मैचों की मौजूदा टी20 सीरीज में 2-1 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। अब दोनों टीमों के बीच चौथा और आखिरी मैच 15 नवंबर को जोहांसबर्ग के द वान्डरर्स स्टेडियम (The Wanderers Stadium Johannesburg) में खेला जाएगा। एक बार फिर मैच भारतीय समय के हिसाब से रात साढ़े आठ बजे से शुरू होगा।

चूंकि भारत सीरीज में 2-1 से आगे हो गया है, ऐसे में वे सीरीज नहीं हारेंगे। वहीं दूसरी तरफ दक्षिण अफ्रीका पर सीरीज गंवाने का खतरा मंडराने रहा है। मेजबानों को सीरीज 2-2 से ड्रॉ करने के लिए जोहांसबर्ग में चौथा टी20 किसी भी हाल में जीतना होगा। लेकिन प्रोटियाज टीम का भारत के विरुद्ध जिस तरह का रिकॉर्ड इस मैदान पर रहा है, उनके लिए आखिरी मुकाबला जीतना आसान नहीं होने वाला है। आइए जानते हैं भारत और साउथ अफ्रीका (India vs South Africa) के बीच जोहांसबर्ग में आंकड़े क्या कहते हैं।

जोहांसबर्ग में इंडिया का शानदार टी20I रिकॉर्ड

जोहांसबर्ग से भारत की कुछ सबसे बेहतरीन यादें जुड़ी हैं। आपको बता दें कि टीम इंडिया ने इसी मैदान पर एमएस धोनी की कप्तानी में पाकिस्तान को फाइनल में हराकर 2007 में आयोजित टी20 वर्ल्ड कप का पहला खिताब अपने नाम किया था। इस स्टेडियम में भारत ने 2006 से 2023 तक कुल मिलाकर 6 टी20 अंतर्राष्ट्रीय खेले हैं। छह में से भारत ने 4 मैच जीते। बाकी एक-एक मैच न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका ने अपने नाम किए।

जोहांसबर्ग में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टी20 मैचों के बारे में बात करें तो यहां भी भारतीय टीम का पलड़ा भारी रहा है। इस स्टेडियम में भारत प्रोटियाज टीम से 3-1 से आगे है। जी हां जोहांसबर्ग में दोनों टीमों ने चार टी20I मैच खेले हैं। चार में तीन जीत टीम इंडिया के खाते में हैं। बाकी एक मैच साउथ अफ्रीका ने जीता।

आखिरी बार इस मैदान पर भारत और साउथ अफ्रीका करीब एक साल पहले दिसंबर 2023 में आमने-सामने हुए थे। उस मैच में टीम इंडिया ने सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में मेजबानों को 106 रनों से बुरी तरह हराया था। भारत ने सूर्या के 100 रनों के शतक की मदद से 7 विकेट पार 201 रनों का स्कोर बनाया था। जवाब में कुलदीप यादव ने पांच विकेट चटकाते हुए दक्षिण अफ्रीका को 95 रनों पर ढेर कर दिया था।

जोहांसबर्ग में IND vs SA हार जीत का रिकॉर्ड

  • पहला टी20, 2006- भारत 6 विकेट से जीता
  • दूसरा टी20, 2012- साउथ अफ्रीका 11 रन से जीता
  • तीसरा टी20, 2018- भारत 28 रन से जीता
  • चौथा टी20, 2023- भारत 106 रन से जीता
Photo of author

Manoj Kumar

मुझे क्रिकेट का जुनून बचपन से रहा है। क्रिकेट के प्रति प्रेम ने मुझे इसके बारे में लिखने के लिए प्रेरित किया। सचिन तेंदुलकर मेरे सबसे पसंदीदा खिलाड़ी हैं। करीब पांच वर्षों से इस खेल के बारे में लिख रहा हूं। आगे भी इसी तरह की रोचक खबरें लाने का प्रयास जारी रहेगा।