चैंपियंस ट्रॉफी (Champions Trophy) 2025 का फाइनल टीम इंडिया ने जीत लिया है। दुबई के मैदान पर भारत ने ऐतिहासिक फाइनल में न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराया। पहले तो रोहित शर्मा ने लगातार 12वां और भारत ने 15वां टॉस गंवाया। इसके बाद पहले बैटिंग करने उतरी न्यूजीलैंड टीम को भारत ने 251/7 के स्कोर पर रोक दिया। जवाब में भारत ने 4 विकेट और 6 गेंद बाकी रहते 254 रन बनाकर लक्ष्य पूरा कर लिया। प्लेयर ऑफ द मैच रहे रोहित शर्मा ने 83 गेंदों में 76 रनों की पारी खेली। उन्होंने 7 चौके और 3 छक्के गिराए।
भारत ने उठाई तीसरी ट्रॉफी
चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में भारत का यह तीसरा कप है। भारत ने 2002 में सौरव गांगुली की कप्तानी में पहली बार चैंपियंस ट्रॉफी उठाई थी। हालांकि वह ट्रॉफी भारत को श्रीलंका के साथ शेयर करनी पड़ी थी। इसके बाद एमएस धोनी ने 2013 में टीम इंडिया को दूसरी बार चैंपियन बनाया। और अब 2025 में रोहित ने भारत के लिए तीसरी ट्रॉफी उठाई।
चैंपियंस ट्रॉफी विनर लिस्ट 1998-2025
इसके पहले चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन 8 साल इंग्लैंड और वेल्स की मेजबानी में हुआ था। जिसे सरफराज अहमद की कप्तानी में पाकिस्तान ने जीता था। फाइनल में पाकिस्तान ने भारत को हराया था। यह पाकिस्तान की पहली ट्रॉफी थी।
2013 की चैंपियंस ट्रॉफी पर टीम इंडिया ने कब्जा किया था। एमएस धोनी की कप्तानी में भारत ने इंग्लैंड को इंग्लैंड में हराया था। चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में ये दूसरा मौका था, जब भारत ने ट्रॉफी जीती अपने नाम की।
चैंपियंस ट्रॉफी 2009 का आयोजन साउथ अफ्रीका में हुआ था। फाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की टक्कर हुई थी। तब ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड को 6 विकेट हराया था। यह रिकी पोंटिंग और ऑस्ट्रेलिया का लगातार दूसरा खिताब था।
ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली चैंपियंस ट्रॉफी साल 2006 में जीती थी। 2006 में टूर्नामेंट को भारत ने होस्ट किया था। तब मुंबई में खेले गए फाइनल मैच में ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज को 8 विकेट से पराजित किया था।
2004 की चैंपियंस ट्रॉफी वेस्टइंडीज के नाम रही थी। ब्रायन लारा वाली कैरेबियन टीम का यह पहला खिताब था। लंदन में खेले गए फाइनल मैच में वेस्टइंडीज ने मेजबान इंग्लैंड को 2 विकेट से हराया था।
2002 में सौरव गांगुली और सनथ जयसूर्या को ट्रॉफी आपस में साझा करनी पड़ी थी। दरअसल फाइनल मैच दो बार खेला गया लेकिन बारिश के कारण दोनों बार नतीजा नहीं निकला। तब आईसीसी के नियम के मुताबिक भारत और श्रीलंका को संयुक्त विजेता घोषित कर दिया गया। दोनों टीमों की यह पहली चैंपियंस ट्रॉफी थी।
केन्या में आयोजित चैंपियंस ट्रॉफी 2000 पर न्यूजीलैंड ने कब्जा किया था। स्टीफन फ्लेमिंग की कप्तानी वाली कीवी टीम ने फाइनल में भारत को 4 विकेट से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की थी।
चैंपियंस ट्रॉफी का सबसे पहला सीजन 1998 में बांग्लादेश में खेला गया था। तब साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज ने फाइनल के लिए क्वालिफाई किया था। ढाका के मैदान पर वेस्टइंडीज को हराकर हैंसी क्रोनिए की कप्तानी में साउथ अफ्रीका ने ट्रॉफी लिफ्ट की थी।