Champions Trophy 2025 IND vs NZ: पॉइंट टेबल में टॉप करने उतरेगा भारत, देखें हेड टू हेड रिकॉर्ड

Manoj Kumar

March 2, 2025

चैंपियंस ट्रॉफी (Champions Trophy) 2025 का ग्रुप स्टेज अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गया है। आखिरी लीग मैच में रविवार को भारत मुकाबला न्यूजीलैंड (India vs New Zealand) से है। यह मैच भी दुबई के अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में दोपहर ढाई बजे से खेला जाएगा। सेमीफाइनल के लिए चारों टीमों पक्की हो गई हैं। ग्रुप-बी से साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया ने सेमीफाइनल में एंट्री की। वहीं ग्रुप-ए से भारत और न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल में जगह बनाई।

भले ही इंडिया और न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल का टिकट कटा लिया है। लेकिन दोनों टीमें ग्रुप-ए पॉइंट्स टेबल में पहला स्थान हासिल करने उतरेंगी। अपने दोनों मैच जीतकर भारत और न्यूजीलैंड ने चार-चार अंक हासिल किए। लेकिन बेहतर नेट रन रेट के चलते कीवी टीम पहले पायदान पर है।

भारत-न्यूजीलैंड हेड टू हेड रिकॉर्ड

वनडे क्रिकेट के इतिहास में भारत और न्यूजीलैंड के बीच 118 मैच हुए हैं। 118 में से भारतीय टीम ने 60 मैचों में जीत हासिल की। वहीं न्यूजीलैंड ने 50 मैच जीते। इन सबके अलावा एक मैच टाई रहा और सात मैचों के परिणाम नहीं आए। चैंपियंस ट्रॉफी में दोनों टीमों का मुकाबला केवल एक बार हुआ है। 2000 के चैंपियंस ट्रॉफी में दोनों पहली और आखिरी बार आमने-सामने हुए थे। तब स्टीफन फ्लेमिंग की कप्तानी वाली न्यूजीलैंड टीम ने सौरव गांगुली की कप्तानी वाली टीम इंडिया को 4 विकेट से परास्त किया था।

पिछले पांचों वनडे भारत ने जीते

भारत बनाम न्यूजीलैंड के बीच पिछले पांच वनडे मैचों के बात करें तो यहां भारतीय टीम 5-0 से आगे है। जी हां कीवी टीम के विरुद्ध आखिरी पांचों वनडे टीम इंडिया ने जीते हैं। भारत में आयोजित वर्ल्ड कप 2023 में दोनों टीमों की मुलाकात दो बार हुई थी। एक बार ग्रुप स्टेज में और एक बार सेमीफाइनल में। दोनों मैच भारतीय टीम जीते थे। उसी साल (2023) न्यूजीलैंड ने तीन मैचों की सीरीज के लिए भारत का दौरा किया था। तब उस सीरीज में टीम इंडिया ने 3-0 कीवियों का सूपड़ा साफ किया था।

ये भी पढ़ें:-

IND vs NZ: मैदान में उतरते ही विराट कोहली रचेंगे इतिहास, ऐसा करने वाले बनेंगे 7वें भारतीय

IND vs NZ: न्यूजीलैंड के खिलाफ प्लेइंग XI में बड़े बदलाव कर सकता है भारत, 3 धुरंधर कर सकते हैं वापसी

Photo of author

Manoj Kumar

मुझे क्रिकेट का जुनून बचपन से रहा है। क्रिकेट के प्रति प्रेम ने मुझे इसके बारे में लिखने के लिए प्रेरित किया। सचिन तेंदुलकर मेरे सबसे पसंदीदा खिलाड़ी हैं। करीब पांच वर्षों से इस खेल के बारे में लिख रहा हूं। आगे भी इसी तरह की रोचक खबरें लाने का प्रयास जारी रहेगा।