Search
Close this search box.

देखें वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले 10 बल्लेबाज, लिस्ट में 3 भारतीय शामिल

High score in WTC
WTC की 10 सबसे बड़ी पारी

High scores in WTC: आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में सबसे बड़ी पारी खेलने का वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के ओपनर डेविड वॉर्नर के नाम पर दर्ज हैं। वॉर्नर ने 2019 में पाकिस्तान के विरुद्ध 418 गेंदों पर 335 नाबाद रनों की धमाकेदार पारी खेलते हुए तिहरा शतक जड़ा था। उन्होंने 39 चौके और एक छक्का इस पारी में लगाया था। टेस्ट चैंपियनशिप की दूसरी सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज इंग्लैंड के जैक क्रॉले हैं। क्रॉले ने पिछले साल पाकिस्तान के विरुद्ध खेलते हुए 267 रन बनाए थे।

टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं। साल 2019 में कोहली ने साउथ अफ्रीका के  खिलाफ पुणे में 336 बॉल पर 254 रनों की नाबाद डबल सेंचुरी लगाई थी। 254 रनों की इस पारी में उनके बल्ले से 33 चौके और 2 छक्के आए थे। ये कोहली के टेस्ट करियर का सातवां दोहरा शतक था। इसके अलावा कोहली ने WTC में 14 मैच में 43.8 की औसत से 877 रन बना लिए हैं। जहां उनके नाम पर 2 शतक और 5 अर्धशतक शामिल है।

कोहली के बाद नंबर 4 पर न्यूजीलैंड टीम के कप्तान केन विलियमसन विराजमान हैं। विलियमसन ने वेस्टइंडीज के खिलाफ हैमिल्टन में 412 गेंदों का सामना करने के बाद 251 रन बनाए थे। WTC में सबसे बड़ी पारी खेलने के मामले में श्रीलंका के दिमथ करुणारतने पांचवें पायदान पर हैं। उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ 244 रनों का डबल हंड्रेड लगाया था।

लिस्ट में शामिल मयंक अग्रवाल दूसरे भारतीय हैं जिन्होंने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का छठा हाई स्कोर बनाया है। मयंक ने इंदौर में बांग्लादेश के विरुद्ध 330 बॉल पर 243 रन की इनिंग खेली थी। जहां उनके बल्ले से 28 चौके और 8 छक्के निकले थे। इंग्लैंड टीम के कप्तान जो रूट ने इसी साल जनवरी में श्रीलंका के खिलाफ 321 गेंदों में 228 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली थी। 228 रनों की ये पारी टूर्नामेंट की सातवीं सबसे बड़ी पारी है।

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज ऑस्ट्रेलिया के मार्नस लाबुशेन हैं। जबकि वे हाई स्कोर बनाने वाले आठवें खिलाड़ी हैं। उन्होंने 13 मैचों की 23 पारियों में 5 शतक की मदद से 1675 रन अपने नाम किए। जहां उनके बल्ले से 215 रनों की सबसे बड़ी पारी निकली।

टीम इंडिया के तूफ़ानी ओपनर रोहित शर्मा WTC की सबसे बड़ी पारी खेलने वाले दुनिया के 9वें और भारत के तीसरे खिलाड़ी हैं। रोहित ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ रांची में 255 गेंदों 212 रनों का दोहरा शतक जमाया था। इस दौरान उन्होंने 28 चौके और 6 छक्के उड़ाए थे। बता दें कि रोहित वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में 11 मैचों में 1030 बना चुके हैं। उनके खाते में 4 शतक और 2 फिफ्टी शामिल है। WTC की दसवीं सबसे बड़ी पारी ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ ने खेली है। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 319 गेंद में 211 रन बनाए थे।